इंदिरापुरम। एनआईए का नोटिस खत्म कराने के नाम पर एक सितंबर को ट्रेडिंग कारोबारी से 55 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया है।
आरोपी सलमान निवासी हरीनगर वेस्ट दिल्ली को इंदिरापुरम थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने पकड़ा है। इस मामले में पुलिस इससे पहले आईबी के संयुक्त निदेशक पद से रिटायर्ड अनिल प्रताप सिंह, अंकित द्विवेदी और सिद्धार्थ जैन को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, अनिल प्रताप सिंह का बेटा अनिकेत उर्फ कबीर सिंह अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, इंदिरापुरम निवासी ट्रेडिंग कारोबारी विकास मित्तल की फर्म के नाम पर एनआईए का एक नोटिस आया था।
उनके मैनेजर योगेश शर्मा ने अपने परिचित सलमान की मदद से नोटिस खत्म कराने की बात कही थी। इसके बाद सलमान ने विकास मित्तल की मुलाकात अनिल प्रताप सिंह, उसके बेटे अनिकेत उर्फ कबीर सिंह, सिद्धार्थ जैन और अंकित द्विवेदी से कराई थी।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि एनआईए का नोटिस खत्म कराने के एवज में आरोपियों ने कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की मांग की थी। आरोपियों को 55 लाख रुपये दे दिए। ब्यूरो