मुरादनगर। पाइपलाइन मार्ग पर शाहपुर मोड़ स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर बुधवार को शराब देने में देरी होने से नाराज तीन युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने बोलेरो से टक्कर मारकर ठेके का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जनपद कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के गांव असवां निवासी शरद तिवारी शाहपुर मोड़ स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन हैं। शरद ने बताया कि बुधवार को 10:23 बजे बोलेरो सवार तीन युवक ठेके पर पहुंचे और शराब मांगी। उस समय वह फोन पर बात कर रहे थे। उन्होंने युवकों से थोड़ी देर रुकने को कहा। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दुकान के अंदर घुसकर भी पीटा। आरोपियों ने बोलेरो से ठेके के गेट में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गांव अटौर निवासी उपेंद्र उर्फ गोलू, रोहित उर्फ पतरू सहलोत और विजय उर्फ पप्पू चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।