बिल्डर की गलती का खामियाजा आवंटी भुगत रहे हैं, क्योंकि बहुत से लोग जानकारी के अभाव अवैध रूप से बने मकान खरीद चुके हैं। ये अवैध आशियाने अब जीडीए की कार्रवाई की जद में हैं। भविष्य में लोगों को बिल्डरों की धोखाधड़ी से बचाने के लिए इंदिरापुरम की विभिन्न आरडब्ल्यूए ने मुहिम छेड़ दी है।
इसके तहत वर्तमान में जहां भी अवैध निर्माण कराया जा रहा है, वहां पर आरडब्ल्यूए द्वारा 'अवैध निर्माण' का बोर्ड लगाया जाएगा। इससे घर खरीदने वालों को अवैध निर्माण की सही जानकारी मिल सकेगी। बोर्ड पर घर खरीदने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और नियमों की जानकारी भी दी जाएगी।
साथ ही एओए वेबसाइट तैयार करेगी, जिस पर निर्माणाधीन सोसायटीज की सही जानकारी उपलब्ध होगी। वेबसाइट के जरिए लोग यह जान सकेंगे कि किस अपार्टमेंट में कितने फ्लोर तक फ्लैट बनाने की अनुमति जीडीए ने दी है।
कंफेडरेशन ऑफ ट्रांस हिंडन आरडब्ल्यूए के महासचिव मोहन सांगवान ने बताया कि अवैध निर्माण की शिकायत पर जीडीए ध्यान नहीं देता है। लोग फ्लैट खरीद लेते हैं, जिसके बाद परेशानी होती है। ऐसे में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
जिनके घर सील होंगे उनका क्या?
जिन लोगों को सीलिंग का नोटिस भेजा गया है, वे आवंटी कहां जाएंगे, उनका क्या होगा? इसका जवाब जीडीए के पास नहीं है। फेडरेशन ऑफ एओए के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि लोग नियमों को जानने के बाद ही घर खरीदें। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए वेबसाइट बनाई जा रही है।