वैशाली। सेक्टर-5 स्थित कामना पार्क में रविवार को जीडीए की तरफ से लगाए गए मुआवजा शुल्क के मुद्दे को लेकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों की बैठक हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसानों से संबंधित मुकदमे में जीडीए की हार के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए करीब 3060 रुपये प्रति वर्ग मीटर का आर्थिक भार वैशाली और इंदिरापुरम के निवासियों पर डाला जा रहा है। निवासियों ने कहा कि जीडीए के मुकदमे का भुगतान अब आम लोगों से वसूला जाना उचित नहीं है।
समाजसेवी हरीश साह के आग्रह पर आयोजित बैठक में पार्षद राजकुमार भाटी ने आश्वासन दिया कि वह कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक सुनील शर्मा से इस मामले में वार्ता करेंगे।
मंत्री और जीडीए के अधिकारियों के साथ आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। निवासियों ने कहा कि पहले जनप्रतिनिधियों के स्तर पर समाधान का प्रयास होगा। समाधान नहीं निकलने पर कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा। बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रविंदर रावत, प्रेम सिंह नेगी पूर्व अध्यक्ष धरोहर संरक्षण समिति वैशाली राजेंद्र डालाकोटी, खीम सिंह नेगी, चंदन सिंह नेगी, संदीप मिश्रा, महेंद्र देऊपा हेमंत भाकुनी, गोपाल गोस्वामी, बीडी उप्रेती, कुंदन बिष्ट, मनीष कुमार, प्रताप सिंह बिष्ट, प्रहलाद अधिकारी, उमेश सिंह रावत समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे ।