गाजियाबाद। साइबर ठगों ने राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसायटी निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से आठ लाख रुपये निकाल लिए। शातिरों ने आईजीएल के नाम से एपीके फाइल भेजकर फोन हैक कर ठगी को अंजाम दिया। ठगी का पता चलने पर मामले में संजय कुमार ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित संजय कुमार के मुताबिक 24 मई 2026 को उनके मोबाइल फोन पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले व्यक्ति ने खुद को आईजीएल का प्रतिनिधि बताया। मैसेज में गैस कनेक्शन जल्द बंद होने का हवाला देते हुए दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा गया। जब उन्होंने कॉल किया तो व्यक्ति ने खुद को आईजीएल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके गैस बिल में कुछ बकाया राशि है। अभी भुगतान कर दिया जाए तो यह राशि अगले बिल में समायोजित कर दी जाएगी। इसके बाद शातिर ने भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने व्हाट्सएप पर आईजीएल नाम से एपीके फाइल भेजी। उन्होंने फाइल डाउनलोड कर इंस्टॉल कर ली। इसके बाद उनसे डेबिट और क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाई गई, लेकिन भुगतान सफल न होने की बात कहकर आरोपी ने मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने को कहा। जैसे ही उन्होंने स्क्रीन शेयर की तो उनका फोन हैक हो गया। शातिरों ने उनके एचडीएफसी बैंक खाते से दो लाख रुपये, एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से बंगलूरू स्थित तनिष्क के नाम पर पांच लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया। इसके दो दिन बाद 26 मई को एक लाख रुपये और निकाल लिए गए। उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अपर पुलिस उपायुक्त अपराध का कहना है कि शिकायत के आधार पर छह अगस्त को केस दर्ज कर लिया गया है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है उनकी भी जानकारी निकलवाई जा रही है।