गाजियाबाद। ऑनलाइन फ्रॉड करने वालों ने जिले की अलग-अलग दो लोगों को अपना शिकार बनाया और करीब 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। सूर्य नगर में रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी से 12.80 लाख तो वेद विहार में रहने वाले सेवानिवृत्त से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 10.15 लाख रुपये की ठगी की। दोनों पीड़ितों ने साइबर थाने
में केस दर्ज कराए हैं।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी रघुवीर सिंह गुप्ता(77) के मुताबिक उनके व्हाट्सएप पर 28 जून 2026 को एक एपीके फाइल भेजी गई। पीड़ित ने एपीके डाउनलोड कर ली। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर दिया। 28 और 29 जून 2026 को साइबर ठगों ने कई ट्रांजक्शन में उनके बैंक खाते से 12 लाख 80 हजार 526 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
एडीसीपी ने बताया कि दूसरी वारदात एसएलएफ वेद विहार लोनी में रहने वाले सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त राजकुमार(62) के साथ हुई। पीड़ित राजकुमार के मुताबिक 16 मार्च को उनके मोबाइल पर एक कॉलर ने कॉल कर शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर 30 से 40 प्रतिशत मुनाफा होने का झांसा दिया। उन्हें एक मोबाइल एप डाउनलोड कराया गया और निवेश करने का दबाव बनाया। पीड़ित ने 16 मार्च से 23 अप्रैल 2026 तक 10 लाख 15 हजार 174 रुपये निवेश किए। राजकुमार ने जब डीमैट खाते से धनराशि निकालने का प्रयास किया तो असफल रहे। ठगों से विरोध जताने पर अतिरिक्त धनराशि जमा करने का दबाव बनाया गया। शक होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। एडीसीपी अपराध ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई हैं। ट्रांसफर की गई धनराशि के बैंक खातों की जांच की जा रही है।