मुरादनगर। एक व्यक्ति से लक्की ड्रॉ में कार निकलने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने विभिन्न शुल्क और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर पांच बार में अलग-अलग खातों में रकम जमा करा ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। राधे श्याम विहार कॉलोनी निवासी संजीव कुमार ने बताया कि करीब एक माह पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि आपके मोबाइल नंबर पर लक्की ड्रॉ में कार निकली है। कार प्राप्त करने के लिए उन्हें टैक्स, रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर कुछ रकम जमा करनी होगी।
आरोप है कि ठगों ने उन्हें झांसे में लेकर पांच बार में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके बाद भी कार नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। जब उन्होंने संबंधित नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस और साइबर सेल से की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।