माई सिटी रिपोर्टर
कौशांबी। कर्नाटक की ई-कॉमर्स कंपनी एनईएक्स ग्लोबल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते से दो युवकों ने कौशांबी में 1.40 करोड़ रुपये निकाल लिए। ठगी कंपनी के प्रबंध निदेशक के मोबाइल को माध्यम बनाकर की गई। आरोपी बहाने से पीड़ित के दोनों मोबाइल भी ले गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों अमन व अभय के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना चार अप्रैल 2025 की है। पुलिस को दी तहरीर में कंपनी के प्रबंध निदेशक सुमन कुमार ने बताया कि उन्होंने स्टार्टअप फंडिंग के लिए कंपनी को एमएसएमई पोर्टल पर पंजीकृत किया था। व्यापार चलाने और बढ़ाने के लिए निवेश की जरूरत थी।
30 मार्च 2025 को अमन व अभय ने उनसे संपर्क कर निवेश में दिलचस्पी दिखाई। दोनों ने चार अप्रैल 2025 को निवेश की रकम चेक से देने व आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया करने की बात कही। इसके लिए उन्हें कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ले जाया गया।
वहां आरोपियों ने कहा कि पहली बार में तीन लाख रुपये कंपनी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। इस दौरान एक युवक ने उनके दोनों मोबाइल यह कहकर ले लिए कि कंपनी के निवेशकों, डेटाबेस व बैंक खाते की जानकारी पुष्ट करना जरूरी है।
इसके बाद आरोपी तकनीकी दिक्कत बताकर मोबाइल लेकर होटल के बाहर चला गया। वह रात आठ बजे तक नहीं लौटा तो दूसरा आरोपी उसे देखकर आने की बात कहकर निकल गया। कुछ देर बाद शक होने पर सुमन कुमार ने अपने सिम कार्ड और बैंक खाते ब्लॉक करा दिए।
घर पहुंचकर उन्होंने कंपनी के खाते का बैंक स्टेटमेंट देखा तो दंग रह गए। उससे कई बैंक खातों में 1.40 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। इसकी शिकायत उन्होंने कई बार कौशांबी पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। डीसीपी कार्यालय में भी सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट में गुहार लगाई।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी बैंक से मांगी गई है।