सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 12 मई का बताया जा रहा है। इसमें बनारस से चलकर नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के गेट पर बैठा यात्री ट्रेन के हापुड़ रेलवे स्टेशन से चलते ही बेहोशी की हालत में हो गया और उसके पैर कोच से बाहर निकलकर प्लेटफार्म पर घिसटने लगे।
तभी रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के हेड कांस्टेबल आर्येंद्र कुमार की नजर यात्री पर पड़ी। जिसके बाद आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन के साथ भागते हुए युवक की बेल्ट को पकड़कर उसे खींचते हुए कोच के अंदर कर यात्री की जान बचाई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हेड कांस्टेबल की तत्परता की जमकर तारीफ की जा रही है। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि आरपीएफ जवान की सर्तकता से यात्री को कोई चोट नहीं आई है। आरपीएफ द्वारा अभियान चलाकर समय-समय पर लोगों को सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया जाता है।