गाजियाबाद में चालक को बंधक बनाकर कैब लूटने की घटना का खुलासा करते हुए भोजपुर पुलिस ने सरगना समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि हरियाणा के यमुनानगर में वारदात करने के लिए बदमाशों ने कैब लूटी थी। वहां उन्होंने एक घर में लूटपाट करने की कोशिश भी की, लेकिन जाग होने पर बदमाश पीड़ित परिवार को घायल करके भाग आए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कैब, तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। गिरोह के दो बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि कैब लूट की घटना में पीर वाली मस्जिद के पास मुंडाली मेरठ निवासी आशू उर्फ आस मोहम्मद, भूपेंद्रपूरी मोदीनगर निवासी संदीप व रवि तथा तिबड़ा रोड मोदीनगर निवासी नवदीप को गिरफ्तार किया है। आशू वर्तमान में मोहल्ला खादान भोजपुर में रहता है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि आशू गैंग का सरगना है और उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर और अमरोहा के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर आदि के 14 केस दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। संदीप एक रिटायर्ड अधिकारी का पोता है और मोदीनगर के एक नामी कॉलेज में पढ़ रहा है। आशु के गैंग में कुल छह बदमाश हैं। सरूरपुर मेरठ निवासी अबरार प्रधान समेत दो अन्य बदमाश फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।