दिवाली को लेकर परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसें तैयार कर लीं, लेकिन वर्किंग डे होने की वजह से बुधवार को सवारियां ही नहीं मिलीं। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के जितनी ही रही। बृहस्पतिवार से बसों में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
दरअसल, परिवहन निगम ने मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, मुजफ्फरनगर के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की प्लानिंग की है। रोडवेज अधिकारियों ने बुधवार से ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर ली है। चालक-परिचालकों को भी अतिरिक्त फेरे लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उम्मीद थी कि बुधवार से यात्रियों की संख्या बढ़ जाएगी, लेकिन रोडवेज बस स्टैंड सूना रहा।
यात्रियों की संख्या कम रहीं। ऐसे में बसों को अतिरिक्त ट्रिप नहीं लगानी पड़ी। रोडवेज एआरएम आरसी सुखीजा ने बताया कि बृहस्पतिवार से उम्मीद है कि बसों को एक्सट्रा ट्रिप लगानी पड़ सकती है। इसकी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि लालकुआं चौक पर अस्थायी चेक पोस्ट बनाकर स्टाफ की राउंड द क्लाक ड्यूटी लगाई गई है।
यहां तैनात स्टाफ दिल्ली और गाजियाबाद से बुलंदशहर की ओर जाने वाली बसों को रुकवाकर यात्रियों को बसों में बैठने में मदद करेंगे।
रूटों पर बसों की संख्या
मेरठ रूट पर 61
बुलंदशहर रूट पर 36
हापुड़ रूट पर 01
मुजफ्फरनगर 02