साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में खराब सड़कों और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे उद्यमियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण पर यूपीसीडा करीब 35 करोड़ रुपये खर्च करेगा। काम पूरा होने के बाद औद्योगिक इकाइयों में माल की आवाजाही आसान होने के साथ जलभराव की समस्या भी कम होने की उम्मीद है। यूपीसीडा के डीजीएम सलिल यादव ने बताया कि निर्माण कार्यों के टेंडर फाइनल होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। सभी कार्यों को 31 अक्तूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।