वैशाली। वैशाली के कई सेक्टरों में सीवर के मेनहोल किनारे सड़क धंस रही है। इससे मेनहोल के ढक्कन के नीचे का सरिया तक दिखने लगा है, कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है। परेशान लोगों ने मामले की शिकायत स्थानीय आरडबल्यूए और नगर निगम अधिकारियों से की है, ताकि जल्द सुधार हो सके।
क्षेत्र में कई जगह तो सीवर किनारे की सड़क धंसी हुई है तो कई जगह ढक्कन टूटे हुए हैं। ऐसे में वाहन चालकों के साथ ही पैदल यात्रियों के भी चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। सेक्टर तीन निवासी सुंदर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही सर्वसमाज धर्मशाला के पास मेनहोल के ढक्कन की मरम्मत की गई थी, लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण सभी ढक्कन टूट गए हैं और हादसे का खतरा बना हुआ है। मकान संख्या-416 और 419 के सामने भी टूटे मेनहोल के ढक्कन से सरिया बाहर आ रहा है। इसकी वजह से गंदगी और बदबू भी फैली रहती है। उन्होंने आरडब्ल्यूए से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि वसुंधरा स्थित जोनल कार्यालय में अधिकारियों से शिकायत के बारे में बताया गया है। वहीं जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि जल्द समस्या का निस्तारण किया जाएगा।