साहिबाबाद। थानाक्षेत्र स्थित कृष्णा गली निवासी रिक्शा चालक अनुराग की पत्नी प्रिया का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। अनुराग जब काम से वापस घर लौटे तब पत्नी का शव फंदे से लटका देखा और उतारकर एमएमजी अस्पताल ले गए। मामला नौ नवंबर की दोपहर का है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि एमएमजी अस्पताल से मौत की सूचना पुलिस को दी गई थी। छानबीन में सामने आया कि प्रिया शनिवार को ही मध्य प्रदेश स्थित अपने मायके से लौटी थीं। प्रिया और अनुराग की शादी को अभी एक साल ही हुआ था। जब पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी तब मायके पक्ष के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई है। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पुष्ट होगा। परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।