साहिबाबाद। कड़कड़ मॉडल स्थित छोटे पार्क में रविवार को स्थानीय लोगों ने अस्पताल बनवाने की मांग को लेकर लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वसुंधरा व इंदिरापुरम थाने के पीछे अस्पताल के लिए पहले ही जमीन चिह्नित की जा चुकी है लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। क्षेत्र में एम्स जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा की सख्त जरूरत है। इलाके में आसपास के अस्पतालों में पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। वहीं, यहां मौजूद लोगों का कहना है कि कई परिवारों में हार्ट, शुगर और थायराइड जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज हैं, जिन्हें इलाज के लिए मजबूरन दिल्ली जाना पड़ता है। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द एम्स का कार्य शुरू करने की मांग की, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं क्षेत्र में ही मिल सकें। इस दौरान अरुण तोमर, सुरेंद्र कुमार, रणजीत कुमार, संतोष यादव, बद्री पाल, सुरेंद्र कुमार और विनोद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।