गाजियाबाद। कविनगर थाने में तैनात रहे दारोगा रामपाल सिंह के फर्जी हस्ताक्षर करके एक ग्राहक का खाता बंद कराने की रिपोर्ट बैंक शाखा को भेजने की घटना सामने आई है। इस मामले में दारोगा रामपाल सिंह ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दारोगा रामपाल सिंह ने बताया कि वह फिलहाल नोएडा में तैनात हैं। 22 मार्च से एक मई तक वह कविनगर थाने में तैनात थे। इसके बाद उनका ट्रांसफर हो गया। 22 मई को उनको कविनगर के एसएसआई तेजबीर सिंह ने फोन करके पूछा कि क्या उनके द्वारा कविनगर में रहते हुए बैंक शाखा को एक ग्राहक का खाता बंद करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी? जब उन्होंने रिपोर्ट की काॅपी व्हाट्सएप पर मंगवाकर देखी तो पता चला कि उनका नाम तो रिपोर्ट पर लिखा था, लेकिन उसपर हस्ताक्षर उनके नहीं थे। न ही रिपोर्ट पर लिखी भाषा उनकी थी। उनके द्वारा ऐसी कोई रिपोर्ट भी बैंक शाखा को नहीं भेजी गई। इसके बाद उन्होंने अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बारे में एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, जिनका खाता बंद कराने के लिए यह रिपोर्ट भेजी गई, उनके बयान भी लिए जाएंगे। इसके बाद सही स्थिति का पता चलेगा।