ककोड़। सडक़ हादसे में छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों के कस्बा झाझर में बुलंदशहर-जेवर मार्ग पर जाम लगाने पर चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद समेत 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बता दें कि भट्टा निवासी छात्रा नीलाक्षी (17वर्ष) पुत्री कपिल कुमार की बृहस्पतिवार को झाझर में स्टेट बैंक के सामने ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। नीलाक्षी ककोड़ के केशव माधव में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह सुबह के समय स्कूटी से स्कूल जा रही थी। छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों ने जेवर-बुलंदशहर मार्ग पर छात्रा के शव को रखकर जाम लगा दिया था और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया था। जाम की सूचना पर पहुंचने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम प्रफुल्ल कुमार, सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान के कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब तीन घंटे बाद लोगों ने जाम खोला था। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी नितिश भारद्वाज की तहरीर पर कुटवाया निवासी सोनू, झाझर निवासी मुकेश, शारिक, मुसीर, इरशाद उर्फ भूरा, आदेश, समेत झाझर, भट्टा, आसपास के क्षेत्र के 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरूद्ध करने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मार्ग के अवरूद्ध होने से
आम जनता, बुजुर्गो, बच्चों को परेशानी हुई। अफरा-तफरी का माहौल होने पर क्षेत्र की शांति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। लोगों में भगदड़ मच गई।