मोदीनगर (गाजियाबाद)। निवाड़ी क्षेत्र स्थित एक कस्बा निवासी युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद बुलंदशहर के युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर धोखे से कोर्ट मैरिज कर ली। युवक ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए तो युवती को मामले की जानकारी हुई। युवती ने थाने में घटना की तहरीर दी, मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद युवती ने न्यायालय के आदेश पर युवक मनोज गिरी, मां सर्वेश और भाई सचिन गोस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
युवती की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम पर बुलंदशहर के लखावटी के पवसरा गांव निवासी मनोज गिरि से उसकी दोस्ती हो गई। कुछ ही दिन में दोनों अच्छे दोस्त बन गए और मोबाइल पर बातें होने लगी। दोस्ती के बाद आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करने लगा और उसने युवती पर शादी का दबाव बनाया। युवती ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपी युवती के वीडियो, फोटो, कॉल रिकॉर्डिंग और चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। युवती ने आरोपी को वीडियो फोटो डिलीट करने के लिए किसी तरह मनाया।
आरोपी ने युवती के सामने ही पूरा डाटा डिलीट करने की शर्त रखी और फरवरी 2023 में युवती को गाजियाबाद बुला लिया। युवती गाजियाबाद पहुंची तो वहां मनोज की मां और भाई भी मिले। आरोप है कि मनोज ने उसे कार में बैठा लिया और कोल्ड डि्रंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। काफी देर बाद युवती होश में आई तो उसने अपने आप को बस स्टैंड पर बैठा पाया। कुछ दिन बाद मनोज ने युवती के मोबाइल पर कोर्ट मैरिज और मंदिर में शादी करने की फोटो भेजे। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।