गाजियाबाद। गौर ग्रीन सिटी से कनावनी के बीच गुरुद्वारा रोड पर बुधवार रात को यातायात का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लग गया। इंदिरापुरम में गंगाजल पाइपलाइन की मरम्मत के कारण सीआईएसएफ रोड पर भी ऐसी ही स्थिति रही। इसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुद्वारा रोड पर वाहनों की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। लोगों को इस जाम के कारण काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। वहीं, इंदिरापुरम में सीआईएसएफ रोड पर भी भीषण जाम की स्थिति बनी रही। यहां भी लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। जाम में फंसे राजेश कुमार ने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई। इस मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पांच मिनट की दूरी तय करने में 20 मिनट से ज्यादा का समय लगा। वहीं, जाम में कार चालक रवि गौतम ने बताया कि एनएच-9 से गौर ग्रीन कट होते हुए कनावनी आने वाले गुरुद्वारा रोड पर भी वाहनों के दबाव के कारण भीषण जाम रहा। गौर ग्रीन कट के पास एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी हुई नजर आई। इंदिरापुरम में कनावनी के पास पेट्रोल पंप और एसटीपी प्लांट के निकट गंगाजल की पाइपलाइन में लीकेज हो गई थी। इस लीकेज की मरम्मत का काम मंगलवार से शुरू कराया गया है। मरम्मत के लिए जेसीबी से करीब 15 फुट गहरी खोदाई की गई है। खोदाई के दौरान निकली मिट्टी का ढेर सड़क किनारे लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मरम्मत के कारण वाहनों की कतार बढ़ गई थी, जिसे बाद में पुलिस पहुंचकर सुचारु रूप से संचालित किया।