मोदीनगर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार शाम मोदीनगर के दो नामचीन मिठाई विक्रेताओं पर छापा मारा। नाथ स्वीट्स की फैक्टरी में खराब मिठाइयों को रिसाइकिल कर दोबारा मिठाई बनाई जा रही थी। डीप फ्रीजर में मृत कॉकरोच, स्टोर में चूहे की बीट और चारों तरफ गंदगी मिली।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय की टीम ने सिखेड़ा रोड स्थित नाथ स्वीट्स की फैक्टरी पर छापा मारा। आशुतोष राय ने बताया कि फैक्टरी में गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार हो रही थीं। मौके से अमोनियम बाइकार्बोनेट केमिकल भी बरामद हुआ, जिसका उपयोग खाद्य पदार्थों में नहीं होना चाहिए। टीम ने पनीर, बेसन, लड्डू, घी समेत पांच नमूने लिए और फैक्टरी को बंद कराकर लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
टीम ने इसके बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मोदी मंदिर के पास स्थित राजा स्वीट्स पर छापा मारा। यहां से छैना मिठाई और पान पेठा के नमूने लिए गए। यहां भी कई खामियां मिलीं।
मुरादनगर जलालपुर रोड स्थित प्रणामी डेयरी पर भी कार्रवाई की गई। डेयरी बिना लाइसेंस चल रही थी और परिसर में गंदगी व दुर्गंध थी। टीम ने दूध, घी और खोया के तीन नमूने लिए।
अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूने लखनऊ लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।