ट्रांस हिंडन एरिया (टीएचए) की कालोनियों को पानी मुहैया कराने के लिए तीन रेनीवेल बनाने का रास्ता साफ हो गया है। जल निगम की डिमांड पर नगर निगम ने रेनीवेल बनाने के लिए नूरनगर और सिहानी में करीब पांच हजार वर्ग मीटर जमीन दे दी है।
बुधवार को महापौर अशु वर्मा ने संपत्ति विभाग की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। नगर निगम अब जल निगम को जमीन के लिए एनओसी जारी करेगा। इसके बाद जल निगम के इंजीनियर रेनीवेल की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर शासन को भेजेंगे।
रेनीवेल बनाने की इस स्कीम के लिए ‘अमृत योजना’ में यूपी और केंद्र सरकार से फंड लिया जाएगा। जल निगम ने डीपीआर बनाने से पहले रेनीवेल के लिए नगर निगम से जमीन मांगी थी।
महापौर अशु वर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए जल निगम को नूरनगर के खसरा संख्या 367, 368 की 1960 वर्ग मीटर जमीन, सिहानी के खसरा नंबर 443 में 400 वर्ग मीटर जमीन और नूरनगर के खसरा संख्या-35, 87, 88 और 89 में करीब ढाई हजार वर्ग मीटर जमीन दी जाएगी।
संपत्ति विभाग ने जमीन चिह्नित कर फाइल तैयार कर ली है। बुधवार को उन्होंने यह फाइल साइन कर दी है। उधर, जल निगम के चीफ इंजीनियर वाईके जैन का कहना है कि जल्द ही रेनीवेल की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएंगी।
20 ट्यूबवेल जितना पानी मिलेगा
जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि 3 रेनीवेल से 20 एमएलडी (मिलियन लीटर/डे) पानी मिलेगा। इतने पानी के लिए तकरीबन 20 ट्यूबवेल लगाने पड़ते हैं, लेकिन ये तीन रेनीवेल पानी भी ज्यादा देंगे और बजट भी कम खर्च होगा।