इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-3 में दो बदमाश महिला को मदद के बहाने झांसा देकर उनसे सोने के गहने उतरवाकर फरार हो गए। बृहस्पतिवार शाम करीब 5:30 बजे वह घर के पास टेलर की दुकान पर गई थीं। वहां से लौटने पर बदमाशों ने उन्हें जाल में फंसाया और एक रुमाल में टूटी चूड़ियां, कंकड़ पत्थर व दूसरे कपड़े में कागज की गाड़ी थमा कर भाग गए। पीड़िता ने इंदिरापुरम कोतवाली में ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
वसुंधरा निवासी शशि गुप्ता ने बताया कि वह बाजार से सब्जी खरीदकर टेलर की दुकान पर गई थीं, लेकिन टेलर के नहीं मिलने पर वह घर लौट रही थी। रास्ते में उन्हें दो बदमाश मिले। एक बदमाश ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया जबकि दूसरा बदमाश उनसे रोते हुए बोला कि उसे मालिक ने बुरी तरह पीटा है। वहां से भागकर उसने अपनी जान बचाई है।इसके बाद दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि टीम को दोनों बदमाशों की पहचान और ट्रेस करने में लगाया गया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।