फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: तलाक की दहलीज से लौट रहे रिश्ते, अदालत में फिर जुड़ रहे परिवार

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गाजियाबाद। सात फेरों के साथ जीवनभर साथ निभाने का वादा करने वाले कई दंपती छोटी-छोटी बातों पर विवाद के बाद अदालत पहुंच जाते हैं। शुरुआत में उन्हें लगता है कि अलग होना ही समस्या का समाधान है, लेकिन मुकदमे की लंबी प्रक्रिया, वकीलों की फीस और बार-बार अदालत के चक्कर लगाने के बीच कई बार उन्हें रिश्तों की अहमियत का अहसास होता है। अपनों से बढ़ती दूरियां और अकेलेपन का अहसास भी उन्हें अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे में कुछ दंपती तलाक की कानूनी लड़ाई के बीच ही सुलह का रास्ता चुन रहे हैं। जिले में हर महीने करीब 150 से 200 मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो रहा है। काउंसलिंग और आपसी बातचीत के जरिये कई परिवार फिर से एक साथ रहने का फैसला कर रहे हैं।

छोटी बात ने पहुंचाया अदालत, अकेलेपन ने कराया अहसास
राजेंद्रनगर निवासी निजी कंपनी में प्रबंधक अमित और गोविंदपुरम निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर नेहा की शादी को पांच साल हुए थे। दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे के काम में दखल और परिवार के सदस्यों को लेकर विवाद होता था। धीरे-धीरे कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया और मामला परिवार न्यायालय पहुंच गया। शुरुआत में दोनों तलाक लेने की जिद पर अड़े थे। मुकदमे के दौरान वकीलों की फीस और बार-बार अदालत आने की परेशानी बढ़ने लगी। काउंसलिंग के दौरान दोनों ने अपनी गलतियां स्वीकार कीं और फिर से साथ रहने का निर्णय लिया।
विज्ञापन


गलतफहमियां दूर कर रिश्ते को दिया एक और मौका
छपरौला निवासी निजी स्कूल की शिक्षिका पूजा की शादी आठ वर्ष पहले कौशांबी निवासी व्यवसायी संदीप के साथ हुई थी। अविश्वास के चलते विवाद इतना बढ़ा कि पूजा ने तलाक का मुकदमा कर दिया। मायके में रहने के दौरान उसे रिश्तेदारों के सवालों और सामाजिक तानों का सामना करना पड़ रहा था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान उसे महसूस हुआ कि अलगाव के बाद भी परेशानियां खत्म नहीं हुई हैं। संदीप को भी परिवार से अलग रहने का दर्द सताने लगा। इसके बाद दोनों ने बातचीत का रास्ता चुना और आपसी सहमति से रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।

चार परिवार न्यायालयों में 12 हजार से अधिक मुकदमे
जिले के चार परिवार न्यायालयों में इस समय 12 हजार से अधिक मुकदमे विचाराधीन हैं। इनमें बड़ी संख्या वैवाहिक विवाद और तलाक से जुड़े मामलों की है। हालांकि, काउंसलिंग और आपसी बातचीत के जरिये विवादों को सुलझाने के साथ टूटते रिश्तों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

संवाद से दूर हो सकती हैं गलतफहमियां
परिवार न्यायालय के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एससी त्रिपाठी का कहना है कि वैवाहिक विवादों में अक्सर छोटी-छोटी गलतफहमियां बड़ा रूप ले लेती हैं। पति-पत्नी एक-दूसरे की बात सुनने और समझने के बजाय सीधे कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुन लेते हैं। ऐसे मामलों में धैर्य और संवाद बेहद जरूरी हैं। काउंसलिंग के जरिये दोनों पक्षों को एक-दूसरे का नजरिया समझाया जाता है। दोनों जब अपनी जिम्मेदारी समझते हैं तो सुलह की संभावना बढ़ जाती है।
विज्ञापन


अहंकार छोड़कर समझदारी दिखाना जरूरी
तलाक संबंधी मुकदमों की पैरवी करने वाले अधिवक्ता डॉ. राजकुमार चौहान का कहना है कि मुकदमेबाजी में आर्थिक और मानसिक, दोनों तरह की परेशानियां होती हैं। कई बार अदालतों के चक्कर काटने के बाद पति-पत्नी को समझ आता है कि जिस विवाद के कारण वे अलग होने जा रहे थे, उसे बातचीत से भी सुलझाया जा सकता था। रिश्तों में अहंकार छोड़कर समझदारी दिखाना जरूरी है। खासकर बच्चों वाले दंपतियों को कोई भी फैसला लेने से पहले परिवार के भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें