गाजियाबाद। मंगला-सुमंगला योजना में छूटे लाभार्थियों का पंजीकरण कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए स्कूलों और चौपालों पर जाकर योजना की जानकारी दी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में 43 हजार से अधिक लाभार्थी अभी इस योजना का लाभ ले रहे हैं। इसमें तीन लाख से कम आय वाले परिवार में दो बच्चियों को स्नातक तक 25 हजार रुपये का लाभ छह चरणों में दिया जाता है। छूटी हुईं छात्राओं को योजना का लाभ देने के लिए स्कूलों से ब्योरा मांगा जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक मंगलवार को गांवों में चौपालों पर जाकर विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज पुष्कर का कहना है कि गांव से लेकर शहर तक जहां भी लाभार्थी छूटे हैं। उन्हें इस योजना से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा जिनके पास अभी तक राशन कार्ड नहीं हैं, उनके लिए फेमिली आईडी बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी को पोर्टल पर इसे बनवाना आवश्यक है। अभी तक जिले में 29 हजार आईडी बनाई जा चुकी हैं। इसके बाद भी अभी भी काफी लोगों की आईडी शेष है।