मोदीनगर। नगर के गुरुद्वारा रोड के पास एक रेडीमेड कारोबारी पर सोमवार रात दुकान बंद करते समय आठ से अधिक हमलावरों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने कारोबारी से 3.5 लाख रूपये भी छीन लिए। हमले में घायल कारोबारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कारोबारी ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
विश्वकर्मा बस्ती कॉलोनी निवासी सागर व मनीष दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गुरूद्वारा रोड के पास प्रथम तल पर एमजी टेलर्स के नाम से रेडीमेड का कारोबार करते है। सागर ने बताया कि शनिवार रात मनीष ने कॉल कर बताया कि उसे कल सूरत माल खरीदारी के लिए जाना है इसलिए दुकान पर रखी 3.5 लाख रूपये की नकदी घर ले आना। सागर रात करीब नौ बजे दुकान बंद करने लगा। इसी बीच लाठी डंडों और धारदार हथियारों से लैस आठ से अधिक युवक वहां पहुंचे और सागर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर सागर के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन ले गए। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।