गाजियाबाद। गाजियाबाद से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद जगी है। इसके लिए अर्बन एक्सटेंशन रोड परियोजना पर जिले में दो स्लिप रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र भेजा है।
प्रस्ताव के तहत एक स्लिप रोड से वाहन इस मार्ग पर चढ़ सकेंगे और दूसरी से उतर सकेंगे। इससे गाजियाबाद के लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व आसान रास्ता मिल सकेगा। वर्तमान में गाजियाबाद से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने में कई बार दो घंटे तक लग जाते हैं। अधिकारियों का दावा है कि अर्बन एक्सटेंशन रोड से कनेक्टिविटी मिलने पर यह सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा।
एनएचएआई का सकारात्मक रुख
जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि अर्बन एक्सटेंशन रोड हिंडन नदी के पास से गाजियाबाद से गुजरेगी। यह सड़क द्वारका तक जाएगी और दिल्ली के आउटर रिंग रोड के रूप में काम करेगी। जिले के लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए यहां दो स्लिप रोड बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पर एनएचएआई का रुख सकारात्मक है। स्लिप रोड के प्रस्ताव को लेकर हाल में एनएचएआई की ओर से प्रेजेंटेशन भी दिया गया है। इसमें जीडीए व एनएचएआई के अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों के अनुसार, एनएचएआई के काम शुरू करने के बाद जीडीए अपने हिस्से से जुड़े जरूरी कार्यों की योजना तैयार करेगा।
हरनंदीपुरम और एयरोसिटी को होगा सबसे ज्यादा फायदा
अर्बन एक्सटेंशन रोड को जिले में हरनंदीपुरम के पास उतारने का प्रस्ताव है। इससे प्रस्तावित एयरोसिटी को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन और मेरठ रोड से सटे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि एयरोसिटी और हरनंदीपुरम के साथ मोरटी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम भी प्रस्तावित है। एयरपोर्ट से इन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए भी स्लिप रोड का प्रस्ताव भेजा गया है।