गाजियाबाद। नेहरू नगर स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रहे बीआर शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को रविंद्रा यॉर्क क्रिकेट अकादमी और भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें रविंद्रा यॉर्क क्रिकेट अकादमी की टीम 83 रन से विजेता बनी।
भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी रविंद्रा यॉर्क क्रिकेट अकादमी की टीम 29.3 ओवर में 268 रन बनकर ऑल आउट हो गई। यश ने 46 और कुणाल शर्मा ने 35 रन बनाए। गेंदबाजी में दीपेश ने तीन और यथार्थ ने दो विकेट लिए।
बाद में बल्लेबाजी करने उतरी भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी की टीम 25.3 ओवर में 185 रन पर ढेर हो गई। बल्लेबाज शुभम ने 68 और आर्यन ने 31 रन बनाए। कमल सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।