बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़वल बनारस में मटर-कुलचे की रेहड़ी लगाने वाले रवि कुमार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, आरोपी रविंद्र के दोनों पुत्र अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गांव कुड़वल बनारस निवासी श्रीपाल सिंह की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने गांव निवासी आरोपी रविंद्र सिंह, उसके पुत्र अर्जुन व तुषार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तहरीर में श्रीपाल ने बताया था कि उनका 40 वर्षीय पुत्र रवि कुमार गांव के ही गेट के पास मटर-कुलचे की रेहड़ी लगाता था। रेहड़ी के सामने ही गांव निवासी एक व्यक्ति सब्जी की दुकान करता है। गत चार सितंबर को आरोपी सब्जी विक्रेता ने उनके पुत्र की रेहड़ी से मटर-कुलचे की एक प्लेट मंगाकर खाई थी, जिसके 30 रुपये उसने उधार कर दिए थे। शुक्रवार की सुबह उनके पुत्र रवि ने आरोपी से 30 रुपये मांगे। जिस पर आरोपी भड़क गया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने दोनों पुत्रों को भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने रवि को लाठी डंडो से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने रवि को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे रवि की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में रिपाेर्ट दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अन्य दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।