उत्तर प्रदेश राज्य एवं सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने रक्षाबंधन को लेकर अभी से कमर कस ली है। रोडवेज के एमडी ने सभी रीजनों को सर्कुलर जारी कर अतिरिक्त बसें चलाने के साथ ही चालक-परिचालकों की छुट्टी रद करने के निर्देश दिए हैं।
18 अगस्त को रक्षाबंधन है। इस दौरान काफी संख्या में लोग अपने घर जाएंगे। इसे देखते हुए एमडी आशीष गोयल ने 16 से 21 अगस्त तक अतिरिक्त बस चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी चालक और परिचालकों को छुट्टी भी नहीं मिलेगी।
सभी रीजनों में अधिक से अधिक बसें ऑनरोड रखने का निर्देश दिया गया है। खराब बसों को ठीक करने की व्यवस्था डिपो पर करने के लिए कहा गया। छुट्टी के दौरान काम करने और अतिरिक्त बसें चलाने पर चालक-परिचालक को प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। आरएम पीके बोस ने बताया कि एमडी की तरफ से रक्षाबंधन पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश मिले हैं। डिपो की सभी बसें सड़क पर उतारी जाएंगी।
इन रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
दिल्ली-लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, सनौली, बनारस आदि रूट पर अधिक बसें चलाई जाएंगी। साथ ही गाजियाबाद से मेरठ, मुरादाबाद, बरेली रूट पर अधिक बसें चलाने के साथ ही फेरों को भी बढ़ाया जाएगा। ऑनलाइन बुकिंग के बसों का अपडेट भी वेबसाइट पर जल्द दिखेगा।
एप के जरिए करें रोडवेज बस में टिकट बुक
अब रोडवेज की बसों में टिकट बुक करना और भी आसान हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य एवं सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए एप लांच किया है। यात्री मोबाइल के जरिए आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे।
यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में रोडवेज ने पहले ऑनलाइन टिकट सेवा के साथ ही पेटीएम एवं एमपैसा के जरिए भी बुकिंग शुरू की। अब यूपीएसआरटीसी ने एप लांच कर यात्री सुविधा में बढ़ोत्तरी की है।
आईफोन और एंड्रायड स्मार्टफोन में upstrc एप को डाउनलोड किया जा सकता है, जिसके जरिए एसी, वोल्वो, जनरथ और साधारण बसों का टिकट बुक किया जा सकेगा। साथ ही अपनी पसंद की सीट का चुनाव भी कर सकेंगे। आरएम पीके बोस ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधा देना रोडवेज का लक्ष्य है।