जिले की हवा में घुला जहर बारिश के बाद काफी हद तक कम हो गया है। मई के मुकाबले एयर इंडेक्स क्वालिटी (एक्यूआई) अति खराब से मध्यम श्रेणी में आ गई है। इससे शहर की हवा की गुणवत्ता में काफी हद तक सुधार हुआ है। गुरुग्राम (गुड़गांव) को छोड़कर दिल्ली समेत एनसीआर के जिलों में वायु प्रदूषण कम हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में नोएडा और फरीदाबाद की हवा सबसे बेहतर हुई है।सोमवार की रात मूसलाधार बारिश का असर शहर की हवा पर पड़ा है। इससे पहले शनिवार को हुई बारिश से भी प्रदूषण कम हुआ था। मई में जहां गाजियाबाद का एक्यूआई 325 यानि अति खराब श्रेणी में था, वही बारिश के बाद मंगलवार एक्यूआई 125 पर आ गया है।
बीते रविवार को एक्यूआई 195 था, जिसमें दो दिनों के दौरान 70 अंक की और गिरावट गिरावट हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक एक्यूआई शून्य से 50 के बीच में होना चाहिए, तभी इसे स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना जा सकता है। बुधवार को भी बारिश का अनुमान है, जिससे एक्यूआई में और कमी आने की उम्मीद है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय प्रबंधक पारस नाथ ने बताया कि बारिश से प्रदूषण नियंत्रण में आया है।
गुरुग्राम छोड़कर दिल्ली-एनसीआर में बेहतर हुई हवा
एक्यूआई
दिल्ली 112
गाजियाबाद 125
गुरुग्राम 248
नोएडा 99
फरीदाबाद 54