गाजियाबाद। नॉर्दर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने शुक्रवार को लोको लॉबी में विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपवास रखा।
संगठन के दिल्ली मंडल के मंत्री मनीष हरिनंदन ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक व सांसद को कई तरह की पेंशन और सुविधाएं मिल रही हैं। लगातार उनकी सुविधाओं में बढ़ोतरी हो रही है और जो कर्मचारी अपने जीवन का बहुमूल्य समय लंबे समय तक संस्था को दे रहा है, उनके लिए पुरानी पेंशन स्कीम भी खत्म कर दी गई। इसको कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अभी यह सांकेतिक विरोध चल रहा है, यदि मांग पूरी नहीं हुई तो देशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उपवास पर बैठे कर्मचारियों का शाम को चाय व समोसा खिलाकर उपवास तुड़वाया गया। कर्मचारियों ने आगे इस लड़ाई को और मजबूती के साथ लड़ने का संकल्प लिया। इस मौके पर संजीव सक्सेना, बिजेंद्र कुमार, चंदन सिंह, हरेंद्र कुमार, सुभाष कुमार, राजेेश रवि, प्रदीप कुमार, अमित कुमार आदि अनेक लोग मौजूद रहे।