साहिबाबाद। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने बुधवार को लोनी में नकली हेलमेट बनाने वाली दो फैक्टरियों पर छापा मारा। इस दौरान वहां से 940 नकली हेलमेट को जब्त कर सील कर दिया गया। यह कार्रवाई भारतीय मानक अधिनियम 2016 के तहत की गई।
कार्यालय के निर्देशक कुमार अनिमेष ने बताया कि पहली कार्रवाई लोनी के लक्ष्मी गार्डन में अमन एंटरप्राइज और दूसरी कार्रवाई लोनी के रूप नगर में ज़ेडएफ एंटरप्राइज पर की गई। जहां से क्रमश: 827 और 113 बिना आईएसआई मार्क के हेलमेट जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि सभी हेलमेट जब्त कर फर्म के अधीन सुरक्षित रखे गए हैं। इसके साथ ही सबूत के तौर पर कुछ हेलमेट सील किए गए हैं। बीआईएस गाजियाबाद शाखा कार्यालय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए नकली आईएसआई मार्क उत्पादों के खिलाफ यह कदम उठाया गया है। जब्त सामग्रियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और भारतीय मानक अधिनियम 2016 के तहत दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। दोनों कार्रवाई बीआईएस के संयुक्त निदेशक नवीन के और उप निदेशक हरिओम मीणा ने की हैं। वहीं, गाजियाबाद पुलिस लाइन से पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया। उन्होंने लोगों से अपील की उपभोक्ता केवल असली आईएसआई मार्का वाले उत्पाद ही खरीदें। भारतीय मानक ब्यूरो के आधिकारिक एप बीआईएस केयर का उपयोग करें।