पहले चरण के चुनाव में अब राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक मैदान में उतरने लगे हैं। सात फरवरी को बसपा प्रमुख मायावती और 8 फरवरी को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गाजियाबाद में चुनावी रैली करेंगे।
राहुल गांधी प्रचार के अंतिम दौर में गाजियाबाद आकर कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रत्याशियों के चुनाव में जान फूंकेंगे। वहीं छह फरवरी को गुलाम नबी आजाद, पूर्व सीएम शीला दीक्षित, प्रमोद तिवारी और सपा के नरेश अग्रवाल आएंगे।
गाजियाबाद जिले के चुनाव प्रभारी और एआईसीसी सचिव नसीब सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की जनसभा के लिए कार्यक्रम तय हो गया है। वह मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आएंगे। शुक्रवार तक जनसभा के लिए स्थान तय कर लिया जाएगा।
अखिलेश यादव के साथ संयुक्त जनसभा की उम्मीदों पर विराम लगाते हुए नसीब सिंह ने बताया कि राहुल गांधी अकेले जनसभा को संबोधित करने आएंगे और 8 फरवरी को ही हापुड़ में भी जनसभा करेंगे।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि उनसे पहले 6 फरवरी को यूपी कांग्रेस के प्रभारी व जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, सपा सांसद नरेश अग्रवाल, पूर्व सीएम शीला दीक्षित या प्रमोद तिवारी भी मुरादनगर में आएंगे। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर 4 फरवरी को शहीदनगर, खोड़ा और गाजियाबाद आ सकते हैं।