मुरादनगर। खिमावती गांव में संदिग्ध परिस्थिति में हुई बुजुर्ग महिला रहीसा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की बेटी ने मां की हत्या की आशंका जताते हुए क्रब से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। ताकि महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सके।
दुहाई निवासी मोहसिना ने बताया कि मेरा मायका खिमावती गांव में है। 30 मार्च को फोन आया कि उसकी मां रहीसा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले बहन व उसके आदमी ने मां की अंतिम क्रिया की तैयारी कर ली थी। मौके पर पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था।
गांव के कब्रिस्तान में रहीसा का शव दफना दिया गया था। मोहसिना का कहना है कि उनकी मां के पैसे व गहने गायब थे। आरोप है कि उनकी बहन नकली मां बाप बनाकर गांव में एक दुकान पर गहने बेचने गए थे, लेकिन दुकानदार ने गहने लेने से इन्कार कर दिया था। मोहसिना को शक है कि उनकी मां ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या हुई है।
पुलिस कमिश्नर से उन्होंने गुहार लगाई है कि कब्र से उसकी मां रहीसा का शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाए। इससे उनकी मौत का कारण स्पष्ट हो सके। मोहसिना ने अपनी मां की हत्या की आशंका जताई है। संभावना है कि मंगलवार को रहीसा का शव कब्र से निकाला जाए।