साहिबाबाद। रात के समय सड़कों पर कम दृश्यता के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत वजीराबाद रोड, जीटी रोड और लिंक रोड क्षेत्र में सड़क के किनारे, डिवाइडर और प्रमुख मोड़ों पर लाल व पीले रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य वाहन चालकों को अंधेरे में सड़क की स्थिति और दिशा का आसानी से पता चलाना है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा ने बताया कि कई स्थानों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से सड़क के किनारे बने डिवाइडर, मोड़ और अन्य संरचनाएं दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देती हैं। ऐसे में तेज गति से आने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। रिफ्लेक्टर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही चमकेंगे, जिससे चालक को काफी दूरी से सड़क की दिशा और अवरोध की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पहले चरण में अधिक दुर्घटना संभावित और कम रोशनी वाले स्थानों को चिह्नित कर काम कराया जा रहा है। लाल और पीले रंग के रिफ्लेक्टर अलग-अलग स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात में सड़क की दृश्यता बेहतर हो सके। वहीं, अभियान के दौरान अन्य प्रमुख मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी इंतजामों की भी जांच की जा रही है।