मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एसआरएम शिक्षण संस्थान के पास स्थित ईको पार्क के पास ओयो होटल में पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं का रेस्क्यू किया और प्रबंधक सहित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कई युवक पुलिस को देखकर भाग गए।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि होटल ओयो में देह व्यापार होने की सूचना मिली थी। सोमवार सुबह पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा। कार्रवाई से होटल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को मौके पर एक युवक और चार महिलाएं आपत्तिजनक हालत में मिलीं। पुलिस को देखकर कई युवक कमरे से निकलकर भाग गए। पूछताछ में पकड़े गए होटल प्रबंधक शिवम निवासी ग्राम खिंदौड़ा ने बताया कि होटल का संचालन खिंदौड़ा निवासी कार्तिक चौधरी करता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार्तिक और शिवम काफी समय से देह व्यापार करा रहे थे। पुलिस ने होटल प्रबंधक के अलावा मौके से एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम संजू बताया। छानबीन में सामने आया कि देह व्यापार कराने के लिए महिलाओं को गाजियाबाद और मेरठ से लाया जाता था। होटल से मिली महिलाओं ने बताया कि उनकी आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर जबरन उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। महिलाओं का आरोप था कि संचालक देह व्यापार से मना करने पर उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में दवाओं के रैपर और कुछ सामग्री बरामद की है।
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सूचना के बाद निवाड़ी क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ पर एसआरएम शिक्षण संस्थान के पास ईको पार्क के पास चल ओयो होटल में छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। चार महिलाओं का रेस्क्यू कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। होटल प्रबंधक शिवम निवासी गांव खिंदौड़ा और मौके पर मिले युवक संजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। संचालक खिंदौड़ा निवासी कार्तिक चौधरी की तलाश की जा रही है।