लोनी। रतिराम कॉलोनी में 12 जुलाई की रात हुए विपिन हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं हिंदू संगठन, परिजन व अन्य स्थानीय लोगों ने रविवार को पैदल यात्रा भी निकाली। लोगों ने अपने हाथों में विपिन के फोटो लिए और आरोपी सोनू को फांसी की सजा दिलाने की मांग उठाई। पैदल मार्च 2 नंबर गली से इंदिरापुरी तक निकाला गया। इसके बाद लोगों ने बरातघर में हुई महापंचायत में हिस्सा लिया। पंचायत में लोगों ने कमिश्नर कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष अमित प्रजापति ने बताया कि 12 जुलाई को बाइक ससै घर लौट रहे विपिन को हॉर्न बजाने जैसी मामूली बात पर उन्हीं के पड़ोसी सोनू ने गोली मार दी थी। पुलिस ने इस मामले में सोनू के पिता और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। मुख्य हत्यारोपी छह दिन से पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो रहा है। बताया कि कार्यकर्ताओं, परिजनों व समाज के लोगों ने रविवार को करीब 11 बजे से नीलम फैक्टरी से इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित श्रीराम पैलेस तक पैदल मार्च निकाला। मार्च में कार्यकर्ताओं और परिजन के हाथ में विपिन के पोस्टर थे। पैदल मार्च के बाद आयोजित महापंचायत में हरियाणा, दिल्ली समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामाजिक और राजनैतिक लोग मौजूद रहे। महापंचायत में हत्यारोपी की जल्द गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव करने का फैसला लिया है। पूर्व सांसद दारा सिंह ने बताया कि महापंचायत में प्रदेश सरकार से फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर फांसी की सजा देने, लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। भाजपा राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति महापंचायत में पहुंचे। महापंचायत के बाद राज्य मंत्री मृतक के परिजन के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को प्रदेश सरकार से हरसंभव सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।