गाजियाबाद। अरसे से लोनी में चल रही डिग्री कालेज की मांग अब पूरी होने वाली है। अगले सत्र से लोनी के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए मीलों का सफर नहीं तय करना होगा। लोनी में डिग्री कालेज के लिए शासन से प्रस्ताव पारित हो चुका है। जल्द ही इसका बजट जारी होने वाला है।
एसडीएम सदर प्रेम रंजन ने बताया कि लोनी में एसडीएम रहते हुए वहां विद्यार्थियों को इंटर के बाद की पढ़ाई में होने वाली परेशानी को देखा। इसके समाधान के लिए शासन से डिग्री कालेज और एक इंटर कालेज का प्रस्ताव पारित कराया गया है।
लोनी सौ फुटा रोड पर डिग्री कालेज बनाया जाएगा। प्रेम रंजन ने बताया कि जल्द ही इसका बजट भी जारी होने वाला है। बजट जारी होते ही जुलाई से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। प्रेम रंजन ने बताया कि डिग्री कालेज के साथ ही एक इंटर कालेज भी प्रस्तावित कराया गया है।
इंटर और एक डिग्री कालेज के निर्माण से लोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हर बार इंटर के बाद डिग्री कालेज नहीं होने की वजह से बड़ी संख्या में छात्राएं आगे की पढ़ाई छोड़ देती हैं। अब कालेज बनने से युवाओं को बड़ी राहत मिलने वाली है।