फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्य महिला आयोग सदस्य के बेतुके बोल

Thu, 04 Aug 2016 01:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो /वैशाली
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सपा नेताओं के विवादित बयानों का क्रम रुक नहीं रहा है। नगर विकास मंत्री आजम खान के विवादित बयान के बाद अब पीड़ित परिवार का हाल जानने पहुंची राज्य महिला आयोग सदस्या राजदेवी चौधरी ने रेप की घटनाओं की तुलना पिछली सरकारों से कर डाली। जिस पर परिजन भड़क उठे। हालांकि सदस्या ने तुरंत जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश महिला आयोग सदस्या राजदेवी चौधरी बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने किशोरी के पिता से घटना की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने पूछा कि सरकार क्या कर रही है। आए दिन रेप हो रहे हैं। इस पर राजदेवी चौधरी ने जवाब दिया कि रेप पिछली सरकारों में भी हुए हैं।

जिस पर परिवार के लोग गुस्से में आ गए। नोकझोंक बढ़ती देख उन्होंने तुरंत लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे उनकी बात आयोग की अध्यक्षा तक पहुंचाएंगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मामले में सीधी नजर बनाए हुए हैं। जल्द ही वे पीड़ित परिवार को हर सहायता मुहैया करवाएंगे।
विज्ञापन


मां बोली- बदमाशों को मुझे सौंप दो, मैं दूंगी सजा

 बुलंदशहर गैंगरेप के मामले में बढ़ती सियासत के बीच बुधवार को रेप पीड़िता मां का गुस्सा फूट पड़ा। पीड़ित मां ने कहा कि दरिंदों ने उनकी और परिवार की जिंदगी बर्बाद कर दी है। अब अगर सरकार कोई मदद करना चाहती है, तो बदमाशों को मुझे सौंप देे। उन्हें सजा मैं अपने हाथों से दूंगी।

 पिता बोले, नहीं छोड़ेंगे घर
पीड़िता के पिता ने बताया कि वह 19 साल से खोड़ा में रह रहे हैं। यहां सिर्फ इज्जत कमाई है। यह हादसा उनकी इज्जत को कम नहीं कर सकता। वह हर हाल में इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे। पहले खोड़ा से मकान बदलने का मन बनाया था, मगर लोगों ने जिस प्रकार उनका साथ दिया है उससे अब उन्होंने यहीं रहने का निर्णय किया है।

पिता ने कहा कि वे बस यही चाहते हैं कि गुनाहगारों को ऐसी सजा मिले, जिससे पूरे समाज को एक दिशा मिले। हालांकि कार लोन पर लेकर टैक्सी में चलाने वाले पिता के सामने आर्थिक समस्या भी है। बीते दो माह से उन्होंने कार की किश्त नहीं भरी है। ऐसे में अगले माह की किश्त कैसे भरी जाएगी इसकी चिंता भी उन्हें सता रही है।

बुलंदशहर सांसद ने भी पीड़ित परिवार को दिया मदद का आश्वासन
बुलंदशहर से सांसद डा. भोला सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पीड़िता के पिता के साथ करीब 15 मिनट बातचीत की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज है और आजम खान पीड़ितों के खिलाफ बयान दे रहे हैं। यह निंदनीय है। कानून व्यवस्था कायम करने में मुख्यमंत्री पूरी तरह फेल हैं।

गलत बयानी करने वाले आजम खान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उनसे पहले भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष मीना भंडारी, सुनीता ध्यानी और अन्य महिलाओं ने भी पीड़ित परिवार का हाल जाना।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी पहुंची परिवार से मिलने
उधर, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा भी परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आजम खान के बयान से उनकी और उनकी पार्टी की मानसिकता दिखती है। वह पीड़ित परिवार के इंसाफ की लड़ाई गाजियाबाद से लखनऊ तक लड़ेंगे।  उधर, अखिल भारतीय संत परिषद के राष्ट्रीय संयोजक नरसिंहानंद सरस्वती ने भी पीड़ित परिवार का हाल जाना।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें