दिवाली पर इस बार घर पर गिफ्ट पैक तैयार करके आप खर्च में 40 फीसदी तक की कटौती कर सकते हैं। इस साल काजू को छोड़कर बाकी सभी ड्राईफ्रूट्स के रेट पिछले साल से कम हैं।
दिवाली आते ही लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को गिफ्ट्स पैक देते हैं। मल्टी ब्रांडेड कंपनियां भी इस मौके को भुनाती है और कई आकर्षक पैक में ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट को बाजार में उतारा जाता है। अमूमन कंपनियों का गिफ्ट पैक 300 से 1500 रुपये से भी ज्यादा में मिल रहा है। त्योहार के सीजन में भी सबसे ज्यादा ड्राई फ्रूट्स की बिक्री होती है।
शहर में रामनगर किराना मंडी, गांधीनगर, नवयुग मार्केट, अंबेडकर रोड, संजय नगर में दुकानाें पर ग्राहकों के बजट के मुताबिक गिफ्ट पैक की भरमार है। ऐसे में थोड़ी सी समझदारी दिखाने और दिवाली पर बचत किए जाने की जरूरत है।
इस बार दिवाली पर ड्राईफूट्स और फलों के पैक उपलब्ध हैं। ड्राईफूट्स के पैक बाजार में 250 रुपये शुरू होकर 2500 रुपये तक उपलब्ध हैं। इसी प्रकार फलों का टोकरा भी 350 से लेकर 4000 तक में मिल रहा है। खास बात यह है कि आप जरा सी होशियारी दिखाकर न केवल बेहतरीन गिफ्ट पैक घर पर ही तैयार कर सकते हैं, बल्कि इस दिवाली बचत भी की जा सकती है।
बाजार में ड्राईफूट्स का रेट:
बादाम 700
काजू 1000
अखरोट गिरी 1200
पिस्ता 950
किशमिश 300
खुमानी 600
अंजीर 450
छुआरा 150
सफेद मिश्री 60
इसके अलावा बाजार में ड्राईफूट्स के खाली डिब्बे 40 से लेकर 350 रुपये तक में उपलब्ध हैं। ऐसे में आप बाजार से खाली डिब्बे खरीदकर घर पर ही गिफ्ट पैक तैयार कर सकते हैं। एक अनुमान के अनुसार घर पर तैयार ड्राईफूट्स गिफ्ट पैक बाजार में तैयार मिल रहे गिफ्ट पैक से करीब 40 फीसदी तक सस्ता पड़ता है।
फलों का बाजार भाव:
सेब 100 रुपये किलो
चीकू 70 रुपये किलो
अनानास 60 रुपये किलो
केला 60 रुपये दर्जन
संतरा 80 रुपये किलो
पपीता 25 रुपये किलो
अमरूद 40 रुपये किलो
अमरूद बैंकॉक 50 रुपये पीस
कीवी 35 रुपये पीस
बाजार में फलों का टोकरा भी 350 रुपये से लेकर 4000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। इसमें फलों के साथ ही कुछ नामचीन कंपनियों के फ्रूट जूस पैक भी शामिल किए गए हैं, मगर बाजार से फल और टोकरे अलग-अलग खरीदकर घर पर ही फलों के टोकरे का गिफ्ट पैक तैयार किया जा सकता है। इससे भी आप बाजार के मुकाबले 30 से 40 फीसदी तक की बचत कर सकते हैं।