गाजियाबाद। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा और जनसुनवाई की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं बताईं और विकास कार्यों में प्रमुख रूप से दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर के निर्माण की योजनाओं पर चर्चा की गई। असीम अरुण ने नगर-निगम और जीडीए से जल्द ही इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में असीम अरुण ने मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर योजना की प्रगति कहां तक पहुंची इसकी जानकारी ली। उन्होंने कॉरिडोर के लिए डिजाइन और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर सुनीता दयाल ने निर्माण योजना में उस क्षेत्र में किराए पर रहने वाले दुकानदारों को वहां से विस्थापित कर दूसरी जगह स्थापित करने की योजना की बात कही। मेयर ने कहा कि पहले इसका डिजाइन तैयार कराया जाए, इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो। इस पर असीम अरुण ने जल्द डिजाइन तैयार करने और प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि एक दो दिनों के अंदर ही इसका डिजाइन तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और वहां स्थान खाली कराने के लिए भी टीम तैयार की जाएगी।
इसके अलावा लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने लोनी में नाले से भी नीचे बनाए गए नेशनल हाईवे की शिकायत की। इसकी जानकारी पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से ली गई और निर्माण में खामियों को सुधारने के निर्देश दिए गए। सदर विधायक संजीव शर्मा ने जल निगम की शिकायत करते हुए कहा कि जल निगम ने कई टंकियां बनाई हैं, लेकिन अभी तक उनसे पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में पानी की सप्लाई संबंधित शिकायतें मिलती रहती हैं। इस मामले में जल निगम के अधिकारियों ने मेंटेनेंस चलने की बात कही। मंत्री ने निर्देश दिया कि जल की सप्लाई शुरू की जाए। मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने भी अपने क्षेत्र की सड़कों में हो चुके गड्ढे को भरने और नालों को पक्का कराने की बात कही। नगरपालिका चेयरमैन खोड़ा ने भी पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने का मुद्दा रखा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सतपाल प्रधान, भोजपुर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, भाजपा महानगर महामंत्री सुशील गौतम, मोदीनगर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, कमिश्नर अजय कुमार मिश्र, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, सीडीओ अभिनव गोपाल, एडीएम एलए विवेक मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बड़ी कुसिर्यों पर नहीं बैठे मंत्री
बैठक में पहुंचते ही जब उन्होंने देखा कि उनके लिए बड़ी कुर्सी लगवाई गई हैं तो उन्होंने उसको हटवा दिया। उन्होंने कहा कि बैठकों में इस प्रकार के भेदभाव को मिटाया जाए और सभी के लिए एक प्रकार की कुर्सी लगाई जाए। इस दौरान वहां मौजूद शिकायतकर्ताओं के पास बुलाकर अपने पास कुर्सियों पर बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इसमें प्रमुख रूप से अमित कुमार, मंजू कश्यप, सहित दो अन्य शिकायतकर्ता शामिल थे।