मामला 15 फरवरी की देर रात का है। पुलिस के अनुसार, रविवार की रात नवनीत विहार निवासी एक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे तब शिकायतकर्ता ने बताया कि देर रात विपिन केवट कमरा खुला छोड़कर घर से कहीं चला गया था।
काफी देर तक उसके न लौटने पर और कमरे से बच्ची की आवाज न आने पर वह घर में पहुंचे। कुंडी खुली हुई थी। दरवाजा खोलते ही जमीन पर चांदनी देवी का शव पड़ा मिला। मौके पर खून भी था और दुर्गंध भी आ रही थी। वहीं पर उसकी बच्ची भी बैठी थी।
इसके बाद पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों का पता लगाया। वहीं चांदनी के पिता सुनील केवट ने बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण पता चल पाएगा। दहेज हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।