मसूरी के ग्राम नाहल की रहने वाली पीड़िता राशिदा पत्नी शेर मोहम्मद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने बीते 26 मई को एक बेटे को जन्म दिया। लेकिन इस खुशी के पल से ठीक एक दिन पहले 25 मई को उसके ससुराल वालों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति शेर मोहम्मद, देवर शाहरुख, सास मुंजरीन और ननद अजूबा ने मिलकर उसे लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। इस बर्बर हमले में महिला की आंख में गंभीर चोट आई है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी उसकी मर्जी के खिलाफ उसके नवजात बच्चे को जबरन अपनी बहन को दिलवा रहे हैं।
इसके साथ ही ससुराल वालों ने पीड़िता के घर के सारे जेवर और कीमती सामान भी उससे जबरन छीन लिया है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला का गला घोंटने का प्रयास किया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी, पीड़िता राशिदा ने थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी और अपने बच्चे के लिए सुरक्षा की मांग की है। कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति शेर मौहम्मद, सास मुंजरीन, देवर शाहरुख व ननद अजूबा निवासीगण गांव नाहल मसूरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।