कैराना में हिंदुओं के कथित पलायन के आरोपों की जांच करने गए आचार्य प्रमोद कृष्णम के राजेंद्र नगर स्थित घर के बाहर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जमकर हंगामा किया।
प्रमोद कृष्णम पर उत्तर प्रदेश सरकार का एजेंट होने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके पोस्टर जलाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में हिंदुओं के खिलाफ बात की तो अंजाम बुरा होगा।
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की अगुवाई में सुबह करीब सवा 11 बजे कार्यकर्ता राजेंद्र नगर स्थित आचार्य प्रमोद कृष्णम के घर के बाहर इकट्ठा हुए। प्रमोद कृष्णम इस दौरान घर पर नहीं थे।
आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। पिंकी चौधरी ने कहा कि प्रमोद कृष्णम और चक्रपाणि महाराज ने कैराना की जो रिपोर्ट तैयार की है, वह पूरी तरह हिंदुओं के खिलाफ है। दोनों ने हिंदुओं के साथ गद्दारी की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने सपा सरकार और आजम खान के एजेंट बनकर काम किया है। उन्होंने मांग की कि इस फर्जी रिपोर्ट पर केंद्र सरकार तुरंत रोक लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हिंदुओं के खिलाफ दोबारा इस तरह की फर्जी रिपोर्ट बनाते हैं, तो अंजाम बुरा हो सकता है।
हंगामा होता देख पुलिस मौके पर पहुंची और उनके घर पर लगे सिक्योरिटी गार्ड्स ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इस दौरान संजय, दीपक, अवनीश, नितिन, ज्ञान, रवि, राकेश, टिंकू समेत हिंदु रक्षा दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।