साहिबाबाद। टीएचए क्षेत्र के इलाकों में रात-दिन हो रही बिजली कटौती व ट्रिपिंग लोगों को परेशान कर दिया है। तमाम शिकायतों के बाद भी बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली कटते ही नींद टूट जाती है। फिर से नींद आने में घंटों लग जाते हैं। इससे दिनभर चिड़चिड़ापन रहता है। हालांकि परेशान होकर अब इसे दिनचर्या मान लिया है।
शुक्रवार रात को भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी में ट्रिपिंग होती रही। इससे लोग रात में सो नहीं पाए। लोगों ने इसकी शिकायत ऊर्जा निगम अधिकारियों से की तो उन्होंने बिजली सामान्य बताकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद कॉल उठानी बंद कर दी। कृष्णा विहार कुटी के सुरेश पाल ने बताया कि रात करीब 11 बजे से बिजली ट्रिपिंग शुरू हो गई। हर घंटे चार से पांच बार बिजली कटी। हेल्पलाइन नंबर 1912 पर काल कर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब तो यह हर रोज की दिनचर्या हो गई है। वहीं, शालीमार गार्डन, करहैड़ा व डीएलएफ कॉलोनी में भी रात एक बजे के बाद बिजली का आना-जाना लगा रहा। लोगों की शिकायत पर भी कोई समाधान नहीं हुआ।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में भी शनिवार को कई बार बिजली कटी। लोग वाट्सएप ग्रुप में मैसेज डालकर एक-दूसरे से पूछते रहे कि बिजली कब आएगी। इन्वर्टर भी डाउन हो गए हैं। गर्मी से बचाव के उपकरण नहीं चलने से लोग सो नहीं पाए। स्थानीय निवासी राज ने बताया कि बिजली कटौती रोज की समस्या बन चुकी है। वहीं, वसुंधरा सेक्टर-11 में बिजली ट्रिपिंग से हर घंटे चार-पांच बार आ जा रही थी। इसके अलावा 11 केवी लाइनों के समीप पेड़ों की कटाई-छंटाई कार्य के दौरान सेक्टर-2, 3, 4, 5 व 6 वैशाली, कौशांबी, पंचशील, रॉयस, रामप्रस्थ, अरुणाचल हॉस्पिटल, वैशाली मंडी और वसुंधरा के कुछ क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसकी वजह से लोगों को परेशानी हुई।
ऊर्जा निगम जोन तीन के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार का कहना है कि मरम्मत कार्य और पेड़ों की छंटाई के दौरान कुछ घंटे के लिए आपूर्ति बाधित हुई थी। बाकी सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य है।