इंदिरापुरम। वसुंधरा रेड लाइट पर 20 जून की सुबह रोडवेज बस टक्कर ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला की मौत हो गई और उनकी पहचान साहिबाबाद के मोहन नगर स्थित अर्थला निवासी कांति देवी (75) के रूप में हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस महिला के परिजन तक पहुंच सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कांति देवी मूलरूप से बिहार के नालंदा स्थित थरथरी थानाक्षेत्र के मतहर गांव की रहने वाली थीं। वह कई वर्षों से अर्थला में रहकर मेहनत मजदूरी करती थीं। शनिवार सुबह घर से कुछ काम के लिए कहकर निकली थीं। जब वह वसुंधरा रेड लाइट पर पहुंचीं तभी एक तेज रफ्तार बेलगाम रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने से बेसुध हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और अस्पताल में महिला को भर्ती कराया तो चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने पूछताछ में पुलिस को रोडवेज से टक्कर होने की बात कही। शिनाख्त होने के बाद शनिवार दोपहर करीब 2ः30 बजे बुजुर्ग की बेटी सुनीता देवी और दामाद गोरेलाल पासवान मोर्चरी पहुंचे। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द रोडवेज बस को ट्रेस कर कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि चार दिन पूर्व ही रोडवेज बस ने मौसी और भांजी को टक्कर मार दी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चार दिन में दो हादसे रोडवेज बस से हुए हैं।