गाजियाबाद। खैरातीनगर बागू में खंबे पर तारों में फॉल्ट होने से सोमवार तड़के चार बजे बिजली चली गई। लोग एसडीओ व जेई को फोन कॉल कर आपूर्ति बहाल कराने की मांग करते रहे लेकिन 11 बजे तक भी बिजली चालू नहीं हो सकी। इसी चक्कर में सुबह के दैनिक कार्य भी प्रभावित रहे।
साहिबाबाद के लाजपतनगर में शनि चौक के पास सोमवार तड़के ट्रांसफार्मर में आग लगने से करीब 10 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायतों के बावजूद निगम की टीम को ट्रांसफार्मर बदलने में सात घंटे का समय लग गया। गरीमा गार्डन के फईम अंसारी ने बताया कि रात में बिजली चली जाने से नींद पूरी नहीं हुई। मोरटा स्थित महक जीवन सोसायटी के अभिषेक यादव ने बताया कि रात नौ बजे के बाद रोजाना बिजली की आंख मिचौली शुरू हो जाती है। रविवार रात को भी इसी तरह का काम जारी रहा।
रजापुर में टूट गया खंभा, पूरी रात गुल रही बिजली
रजापुर गांव में चौधरी चरण सिंह गेट के पास रविवार रात को बेकाबू वाहन की टक्कर से विद्युत निगम का पोल टूट गया। इसके बाद रजापुर गांव समेत आसपास की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। लोगों ने इसकी शिकायत निगम के जेई, एसडीओ को दी, लेकिन सोमवार को 12 बजे तक भी निगम की टीम पोल को बदलने के लिए नहीं पहुंची। स्थानीय निवासी गौरव चौधरी ने बताया कि शिकायत के 16 घंटे बाद भी निगम की टीम मौके पर नहीं पहुुंची। इस बारे में अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संंबंधित अधिकारियों से बात कर खंभा बदलने का काम शुरू करा गया था।