इंदिरापुरम। कनावनी गांव के डूब क्षेत्र में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित हुआ तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 12 घंटे से बिजली गुल रहने का आरोप लगाते हुए लोगों ने पुस्ता रोड पर जाम कर दिया। ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। 40 मिनट तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय निवासी विमलेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कई घरों में बिजली के मीटर लगे हुए हैं और सुबह से आपूर्ति बाधित रही है। बिजली नहीं होने से घरों के रोजमर्रा के काम प्रभावित होने के साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि सोमवार रात से बिजली गुल होने से गर्मी में पेयजल की समस्या भी बढ़ गई। जाम के दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी भी हो गई, इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को किसी तरह समझाने में कामयाब हुई तो जाम खुलवाया।
नए बिजली कनेक्शन को लेकर समस्या चल रही, हालांकि वहां बिजली कटौती की कोई समस्या नहीं है। सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से हो रही है। - अजय कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, जोन तीन