फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: प्रॉपर्टी डीलर को लाभ पहुंचाने के लिए शिफ्ट कर दी लाइन, जेई निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। स्वर्णजयंतीपुरम के बाद अब मुरादनगर के असालतनगर बिजली घर से दुहाई जाने वाली लाइन को बिना अनुमति के शिफ्ट करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, लाइन को शिफ्ट करने में निगम के स्टोर में रखे खंभों का ही इस्तेमाल किया गया। मामला जानकारी में आने पर जोन-2 अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता महेश उपाध्याय ने संबंधित जेई जगपाल सिंह को निलंबित कर दिया।
विज्ञापन

उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठाकर उनको फिलहाल एसडीओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जेई संदीप चौहान को फिलहाल उनके स्थान पर अतिरिक्त चार्ज दे दिया गया है। प्राथमिक जांच में इसकी भी पुष्टि हुई है कि जेई ने फीडर के लाइनमैनों के साथ मिलकर यह काम प्रॉपर्टी डीलर और आसपास के प्लॉट मालिकों को लाभ पहुंचाने के लिए गया गया था। शिकायत होने पर त्वरित कार्रवाई हो गई और काम रुकवा भी दिया गया, अन्यथा आगे की लाइन को भी शिफ्ट करने की योजना बन चुकी थी। मामले में लिप्त लाइनमैन और अन्य कर्मचारियों को चिह्नित किया जा रहा है, उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी है।
अधीक्षण अभियंता महेश उपाध्याय ने बताया कि असालतनगर से दुहाई को जाने वाली लाइन नीची थी। इस लाइन को गुपचुप तरीके से रातों-रात ऊंची करके शिफ्ट कर दिया गया। सात खंभों की लाइन पर लोहे के खंभे लगा दिए गए, जबकि पहले इसमें पत्थर के खंभे लगे हुए थे। इसकी गोपनीय सूचना मिली तो उन्होंने खुद मौके पर जांच की। इसमें आरोपों की पुष्टि हो गई। इसके बाद जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विज्ञापन

-लाइनमैनों और भू-स्वामियों की भी हो रही जांच :
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इसमें फीडर के लाइनमैन और अन्य कर्मचारियों का हाथ होने की भी पूरी संभावना है। इसलिए उनको चिह्नित किया जा रहा है। लाइन के पास जिनकी संपत्ति है, उनकी भी सूची बनाई जा रही है। निगम की संपत्ति का भी इसमें नुकसान हुआ है और प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है। इसलिए जांच पूरी होने पर इसमें रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। किसी भी स्थिति में विभागीय संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने दिया जाएगा। इस संबंध में सभी एसडीओ, एक्सइएन को निगरानी बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं पर पूर्णतया रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।
-यह है प्रक्रिया :
अधीक्षण अभियंता महेश उपाध्याय ने बताया कि किसी भी लाइन, खंभों, ट्रांसफार्मर आदि को शिफ्ट करने के लिए आवेदन मिलने के बाद उसकी विभागीय जांच कराई जाती है। यदि उससे जनहित को कोई नुकसान पहुंचने की संभावना है तो उसका एस्टीमेट बनाकर आवेदक से जमा कराया जाता है, इसके बाद शिफ्टिंग का काम किया जाता है लेकिन इसमें इस नियम का पालन नहीं किया गया। व्यक्तिगत किसी को लाभ पहुंचाने की मंशा से किया गया काम बर्दाश्त नहीं होगा।
-अक्तूबर में भी हो चुका है मामला : अक्तूबर माह में जोन-1 अंतर्गत गोविंदपुरम के स्वर्ण-जयंतीपुरम इलाके में भी बिना अनुमति के लाइन शिफ्ट कर दी गई। यह काम ऐसे मौके पर किया जा रहा था, जब कारोबार योजना के काम के लिए शटडाउन मांगा गया था। खास बात यह रही कि इसमें संविदा कर्मचारियों पर ही कार्रवाई की गई। जेई, एसडीओ को इसमें पूरी तरह बचा दिया गया। जबकि, इस तरह का काम बिना जेई, एसडीओ की सहमति के संभव नहीं था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें