एचटी लाइन में मरम्मत कार्य के कारण टीएचए के लोगों को शनिवार से बिजली की किल्लत से जूझना होगा। पावर कारपोरेशन मात्र 16 से 17 घंटे ही बिजली सप्लाई करेगा। कालोनियों में दो-दो घंटे की तीन से चार बार कटौती की जाएगी। हालांकि पावर कारपारेशन के अधिकारी बिजली व्यवस्था बेहतर रखने का दावा कर रहे हैं।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे से पावर कारपोरेशन मुरादनगर 400केवी सबस्टेशन से शटडाउन लेकर हिंडन विहार में एचटी लाइन मरम्मत का काम करेगा। इस दौरान लोनी और नोएडा से बिजली लेकर बिजली सप्लाई की जाएगी।
दोनों इलाके से बिजली मिलने के बाद भी डिमांड और सप्लाई में काफी अंतर रहेगा। इसे पूरा करने के लिए पावर कारपोरेशन दिन में तीन से चार बार दो-दो घंटे की कटौती कालोनियों में करेगा।
हालांकि अधिकारियों ने शेड्यूल जारी नहीं किया है, लेकिन सभी सबस्टेशनों पर अवर अभियंता को डिमांड और सप्लाई के अनुरूप फीडर पर कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता राजेश तोमर ने बताया कि शनिवार सुबह से रविवार रात दस बजे तक एचटी लाइन पर काम किया जाएगा। इस दौरान नोएडा से 100 और लोनी से 200एमवीए बिजली लेकर सप्लाई की जाएगी। लोगों को बिजली समस्या नहीं हो, इसके लिए दो दो घंटे की कटौती तीन से चार बार की जा सकती है।
अफसरों का दावा नहीं होगी दिक्कत
अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा ने बताया कि अभी बिजली की मांग ज्यादा नहीं बढ़ी है, इसकी वजह से लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। गर्मियों में बिजली की मांग करीब करीब 450 एमवी तक पहुंच जाती है, लेकिन अभी बिजली की मांग करीब 400 एमवी है।
इसमें भी घरेलू मांग करीब 250 और औद्योगिक क्षेत्र में मांग करीब 150 एमवीए है। रविवार को औद्योगिक क्षेत्र में छुट्टी होने की वजह से मांग काफी कम रहती है। इसकी वजह से दिन में रिहायशी इलाकों में कुछ देरी और रात में औद्योगिक क्षेत्र में बिजली कटौती की जाएगी।